सुपौल/पूर्णिया : बिहार के चर्चित पनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर मंगलवार की सुबह आयकर विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी शुरू कर दी। ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़े सुपौल और पूर्णिया के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ हुई इस कार्रवाई से पूरे कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। छापेमारी की सबसे प्रमुख कार्रवाई सुपौल के छातापुर थाना क्षेत्र स्थित पनोरमा पब्लिक स्कूल में देखी गई। सुबह-सुबह अधिकारियों की टीम कई वाहनों के साथ स्कूल परिसर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
जांच के दौरान स्कूल के मुख्य गेट को बंद कर बाहरी व्यक्तियों या मीडिया के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। सूत्रों के अनुसार, आयकर अधिकारी स्कूल के कार्यालय में मौजूद वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। सुपौल के साथ-साथ आयकर विभाग की टीमों ने पूर्णिया में भी पनोरमा ग्रुप से संबंधित कार्यालयों और ठिकानों पर दबिश दी है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह ग्रुप के वित्तीय लेन-देन की एक व्यापक जांच का हिस्सा है।
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। सुपौल के पुलिस अधीक्षक (SP) और त्रिवेणीगंज के SDPO ने फिलहाल इस मामले पर कोई भी आधिकारिक बयान देने से परहेज किया है। किसी भी विभाग द्वारा आधिकारिक जानकारी साझा न किए जाने के कारण इलाके में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
संजीव मिश्रा क्षेत्र के एक प्रभावशाली कारोबारी और शिक्षाविद माने जाते हैं। उनके पनोरमा ग्रुप का विस्तार शिक्षा से लेकर रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में बताया जाता है। जिले में उनके कई बड़े शिक्षण संस्थान संचालित होते हैं। समाचार लिखे जाने तक आयकर विभाग की टीम पनोरमा पब्लिक स्कूल परिसर के भीतर जांच में जुटी हुई है। विभाग द्वारा छापेमारी के कारणों और अब तक की बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है।