पुलिस ने पटना यूनिवर्सिटी के हथुआ हॉस्टल में बड़ी कार्रवाई करते हुए छात्रों के कमरे से 40 सुतली बम और पेट्रोल समेत बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई बस्तुएं बरामद की। इस दौरान पुलिस ने हॉस्टल के 7 छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। हथुआ हॉस्टल से पुलिस को उनके कमरे से 40 सुतली बम, माचिस, छोटा कील, सुतली, पेट्रोल समेत बम बनाने की अन्य सामग्री भारी मात्रा में बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही सौरभ कुमार, शुभम कुमार,सुमित कुमार, मोहित कुमार, दीपक कुमार, प्रणय सिंह और विवेक कुमार को अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने यह छापेमारी बीते दिन सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित पटना विवि के दो हॉस्टलों के छात्र गुटों के बीच बमबाजी की घटना के बाद की। इस दौरान पुलिस ने पीयू के जैक्शन, सीवी रमन, रामानुजन और हथुआ हॉस्टलों पर एकसाथ छापा मारा।
पटना विवि के हॉस्टलों पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथुआ हॉस्टल के कमरों से भारी मात्रा में बम और विस्फोटक सामग्री जब्त कर ली। गिरफ्तार छात्रों सौरभ कुमार सुपौल का रहने वाला है जबकि शुभम कुमार जहानाबाद का। इसी तरह दीपक कुमार नालंदा तो विवेक कुमार अरवल तथा सुमित कुमार बक्सर के हैं। पुलिस ने बताया कि रेड में हथुआ हॉस्टल के अलग-अलग कमरों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामान मिला है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और छात्रों की गतिविधियों पर करीबी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में सुल्तानगंज थाना में केस नंबर 34/2026 के तहत मामला कर सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से तहकीकात में जुटी हुई है।
बता दें कि एक दिन पहले रात को सीवी रमन हॉस्टल पर जैक्सन हॉस्टल के छात्रों ने बमबाजी और फायरिंग की थी। बताया जाता है सीवी रमन हॉस्टल के एक छात्र की महिला मित्र के साथ जैक्सन हॉस्टल के कुछ छात्रों द्वारा छेड़खानी किए जाने को लेकर छात्रों के दो गुटों में मारपीट की घटना हुई थी। तब छात्रों के इस झगड़े को पुलिस ने समझा बूझाकर शांत करा दिया था। लेकिन उसके बाद भी जैक्सन हॉस्टल के छात्रों ने देर रात सीवी रमन हॉस्टल की दीवार पर चार सुतली बम फोड़ कर डर का माहौल कायम कर दिया। इस बमबाजी की घटना के बाद पुलिस ने पटना विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में व्यापक सर्च आपरेशन चला कर हॉस्टल में छापेमारी की।