पटना: पटना विश्वविद्यालय पूर्ववर्ती छात्रसंघ के वार्षिक सम्मेलन का आयोजन रविवार को मगध महिला कॉलेज में किया गया। इस अवसर पर वयोवृद्ध पूर्व छात्रों से लेकर युवा एलुमनी का संगम हंसी, संगीत और भावुकता के माहौल में हुआ।
न्यायमूर्ति संजय कुमार, पूर्ववर्ती छात्रसंघ के अध्यक्ष व पूर्व कुलपति प्रो. रास बिहारी प्रसाद सिंह, कुलपति प्रो. नमिता सिंह, विश्वविद्यालय सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रो. गिरीश चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. संजय पासवान, बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, पूर्व डीजीपी आलोक राज, पद्मश्री श्याम शर्मा व पद्मश्री विमल कुमार जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस अवसर पर वार्षिक स्मारिका का विमोचन भी इन दिग्गज पूर्व छात्रों द्वारा किया गया।
इससे पूर्व म्यूजिकल चेयर का आयोजन किया गया, जिसमें बुजुर्ग पूर्व छात्रों और छात्राओं ने रुचि से भाग लिया और जवानी के दिनों की यादें ताजा की। सुखद संयोग रहा कि पटना विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे राजधानी क्षेत्र के तीन विधायक; दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता और पटना साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा म्यूजिकल चेयर के विजेताओं को सम्मानित किया।
पूर्ववर्ती छात्रसंघ के महासचिव व पटना साइंस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अतुल आदित्य पांडेय ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, वहीं कोषाध्यक्ष जय शंकर बिहारी ने आय-व्यय का ब्योरा पढ़कर सुनाया। मंच संचालन पूर्ववर्ती छात्रसंघ के संयुक्त सचिव व लेखक-पत्रकार डॉ. ध्रुव कुमार ने किया, वहीं कार्यक्रमों का संचालन वाणिज्य महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुहेली मेहता ने किया। वार्षिक आम सभा के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति ने पूरे आयोजन का सौंदर्य बढ़ा दिया।
इस अवसर पर देश-विदेश से आए एक हजार से अधिक पूर्ववर्ती छात्र उपस्थित रहे।