बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने एक मंदिर में घुस कर सरेआम पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना लाखो थाना क्षेत्र के पनसल्ला गांव स्थित दुर्गा मंदिर की है। मृतक की पहचान मन्दिर के 55 वर्षीय पुजारी शंभू सिंह के रूप में हुई है। वह दुर्गा मंदिर के पुजारी थे। मन्दिर के नीचे ही उनका रहन सहन भी होता था। सोमवार देर रात वह सो रहे थे, इसी दौरान अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद रात के वक्त अपराधी आसानी से पैदल ही फरार हो गए। मंगलवार की सुबह जब लोगों को घटना की जानकारी मिली तो गांव में कोहराम मच गया। मंदिर के पास लोगों की भारी भीड़ जुट गई। फिलहाल हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार जब आज सुबह लोग पूजा के लिए मंदिर परिसर में फुल तोड़ने पहुंचे तब उन्हें इस जघन्य घटना के बारे में पता चला। हैरानी की बात है कि पुजारी का मर्डर कर अपराधी चुपचाप दबे पांव निकल गए और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी है। शंभू सिंह के बारे में बताया जा रहा है कि वो मंदिर में पूजा करते थे और नीचे ही रहते थे।स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना लाखो थाना पुलिस को दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। पुजारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया है। इधर पुलिस का कहना है कि मंदिर के पुजारी की गोली मारकर हत्या हुई है। इस वारदात की हर एंगल से जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुजारी शंभू सिंह काफी शांत और अच्छे स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी फिर भी किसने और क्यों इस वारदात को अंजाम दिया? यह जांच का विषय है। लोगों का कहना है कि कुछ सालों पहले गांव के ही एक अन्य दुर्गा मंदिर में पुजारी थे। वहां किसी कारण से हटने या पूजा छोड़ने के बाद उन्होंने अपने ही जमीन में सार्वजनिक रूप से चंदा इकट्ठा कर और अपने पैसे को भी लगाकर करीब सात साल पहले माता दुर्गा का मंदिर बनवाया था। जो अभी निर्माणधीन ही है। यहीं पर वह विगत कुछ सालों से पूजा पाठ कर धर्म कर्म के कामों में लगे रहते थे। वहीं उनकी हत्या होने के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज है। लोग हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।