पद्म विभूषण आदित्य नाथ झा मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आज नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में शहीद दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार दिये गए एवं एक विचार गोष्ठी रखी गई। इस कार्यक्रम में देश के लिए साहस और समर्पण का उदाहरण पेश करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजक श्रीमती नित्या पाठक को राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने प्रदान किया।
इस अवसर पर सम्मान पाने वाले अन्य सम्मानित व्यक्तियों में परमवीर चक्र विजेता कैप्टन (मानद) योगेंद्र सिंह यादव,
आईपीएस अफसर और विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव, तीन बार के राष्ट्रपति पदक विजेता दिल्ली अग्निशमन सेवा के पूर्व प्रमुख डॉ. धर्मपाल भारद्वाज आदि शामिल हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने देश के शहीद सपूतों को याद किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में श्रीमती पाठक ने कहा कि यह दिन हमें भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के अमर बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि—
“शहीदों ने अपना जीवन दान किया, क्या हम लोग भी अपने देश के लिए कुछ अंशदान कर सकते हैं?” इसके साथ ही उन्होंने सभी लोगों से कुछ अंशदान का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस दौरान सुलभ इंटरनेशनल के योगदान को याद करते हुए श्रीमती पाठक ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान सुलभ ने गरीबों को मुफ्त भोजन के पैकेट वितरित किए। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति की भावना जागृत रखने और समाज सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने डॉ. विंदेश्वर पाठक की स्वच्छता के क्षेत्र में सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीमती नित्या पाठक अपने ससुर की विरासत को सशक्त रूप से आगे बढ़ा रही हैं। श्रीमती पाठक ने पद्म विभूषण आदित्य नाथ झा मेमोरियल ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों—विशेष रूप से राकेश कुमार सिंह, डॉ. भारत झा, श्रीमती पारुल सिंह, जतिन राणा तथा सभी आयोजकों—को हार्दिक धन्यवाद दिया।