Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर के बिहार में अपनी पैठ बनाने और पार्टी को मजबूती देने के लिए जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर एड़ी-चोटी का मेहनत कर रहे हैं। इसी क्रम में पटना के बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि हम किसी के विरोध में नहीं हैं। हम बिहार सुधारना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जन सुराज में वो लोग आ रहे जो बेहतर व्यवस्था बनाना चाहते हैं। वहीँ उन्होंने भाजपा के साथ ही जदयू और राजद को लेकर भी बड़ी बात कह दी है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि हमलोग उपरवाले की प्रेरणा से काम करते हैं, भाजपा में जिस चाल चरित्र चेहरा की बात होती थी, उस चेहरे वाले लोग अब जन सुराज में दिख रहे हैं। अभिमन्यु का उदाहरण देते कहा कि उसके बलिदान की ही चर्चा होती है, उसे घेर कर मारने वालों की चर्चा नहीं होती। प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आगामी नवंबर के बाद जदयू के सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं का आखिरी रास्ता जन सुराज में ही होना है। अब तो नीतीश कुमार भी पीला रंग के बस में घूमने लगे हैं।
जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि बिहार भर के लोगों को यह पता चल गया है कि जनसुराज के पास हर समस्या का समाधान है। सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र की बड़ी-बड़ी हस्तियां हमसे जुड़ रही हैं। वहीँ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि भाजपा ने देश के लिए कुछ भी किया हो, बिहार के लिए कुछ नहीं किया। इसलिए सभी पार्टियों खासकर भाजपा के इतने सारे नेता हमारे साथ आ रहे हैं। समारोह के दौरान मंच पर प्रशांत किशोर, उदय सिंह, मनोज भारती के साथ ही पार्टी के महासचिव सरवर अली व पार्टी में शामिल हुए प्रमुख नेता मौजूद रहे। मंच का संचालन पार्टी के चुनाव अभियान समिति के संयोजक किशोर मुन्ना ने किया।