अररिया में बीती रात हुए एक हादसे में बुलेट बाइक से जा रहे एसएसबी जवान और एक अन्य की पुलिस जीप से टक्कर में मौत हो जाने की खबर है। तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर नगर थाना पुलिस की गश्ती वाहन से टकरा गई।इस हादसे में कुल छह लोग गंभीर से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने एसएसबी जवान समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना अररिया शहर के रानीगंज कोल्ड स्टोर के पास हुई है। एसएसबी जवान का नाम सुधीर कुमार कुशवाहा बताया जाता है जो अपने दोस्त विक्की जायसवाल के साथ बुलेट बाइक से अररिया बस स्टैंड की तरफ आ रहा था। इसी दौरान गिरहिंडा शोरूम के समीप सड़क किनारे खड़ी पुलिस जीप से उसकी तेज रफ्तार बुलेट बाइक टकरा गई।
मृतक की पहचान आरएस वार्ड संख्या चार निवासी एसएसबी जवान सुधीर कुशवाहा और फारबिसगंज के बड़ा शिवालय रोड निवासी विक्की जयसवाल के रूप में हुई है। दोनों एक ही बाइक (बुलेट) पर सवार होकर अररिया आरएस की ओर से अररिया बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। तभी रानीगंज रोड कोल्ड स्टोर के पास सड़क पर कुत्ते को बचाने के चक्कर में होने की बात कही जा रही है। बाइक नगर थाना के गश्ती वाहन से तेज रफ्तार में टकरा गई। हादसे में गश्ती दल में शामिल एएसआई दीपक कुमार, चालक और होमगार्ड जवान भी घायल हो गए।
मृतक सुधीर कुशवाहा अररिया 52वीं बटालियन में बतौर एसएसबी जवान पदस्थापित था। दूसरे मृतक विक्की जयसवाल की पत्नी महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय (प्लस टू) में शिक्षिका के पद पर पदस्थापित है। वह आरएस में किराये के मकान में रहते थे। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर कर बुरा हाल है। स्थानीय उप मुख्य पार्षद गौतम साह ने बताया कि सुधीर कुशवाहा देर रात शादी समारोह से लौटकर बाइक पर अपने मित्र व्यापारी विक्की जायसवाल के साथ अररिया बस स्टैंड विक्की को बस पकड़ाने जा रहे थे। तभी गश्ती वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। सुधीर अपनी बेटी का इलाज करवाने के लिए फिलहाल छुट्टी पर घर आया था।