सारण में आज सोमवार की सुबह नयागांव थाना क्षेत्र के बाजितपुर के पास टायर फटने से एक पिकअप पलट गया जिससे उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में लगभग 10 से अधिक लोग जख्मी हैं। पिकअप में सवार लोग दिघवारा से सोनपुर की तरफ जा रहे थे। बताया जाता है कि पिकअप में दिघवारा से मक्का लदा था और उसे हाजीपुर पहुंचना था। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। इस हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार इस हादसे में 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वे मक्का को भूनने के लिए हाजीपुर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप में बहुत सारे लोग सवार थे। वे सभी मक्का को भूनने के लिए हाजीपुर जा रहे थे। बाजितपुर के पास अचानक पिकअप का एक टायर फट गया। इससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। पल भर में वहां चीख-पुकार मच गई। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है। यहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। खबर है कि हाजीपुर सदर अस्पताल में उपचार के बाद दो व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया। पुलिस-प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान की जा रही है। बताया जाता है कि मरने वाले और घायल सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं। जानकारी में बताया गया कि पिकअप पलटने से उसमें सवार सभी लोग नीचे दब गए।