इन दिनों बिहार, खासकर राजधानी पटना में अपराधियों ने कोहराम मचा रखा है जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बीती रात यहां के फुलवारीशरीफ में बेलगाम अपराधियों ने डकैती के दौरान एक 75 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी और उसके घर में भीषण लूट को अंजाम दिया। सुबह शनिवार को शांति देवी का शव उनके घर से मिला। वो फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलोनी में रहती थी और वारदात के वक्त वो घर में अकेली थीं। बताया जाता है कि बुजुर्ग महिला की लूटपाट के दौरान तकिए से मुंह दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी आज तड़के तब मिली जब मृतक का पुत्र अपने काम से घर लौटा। इसके बाद उसने पुलिस को वारदात की सूचना दी।
फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन के नजदीक आदर्श नगर रोड नंबर 3 में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी और लोगों में भय का माहौल बन गया है। सबसे पहले घटना की जानकारी महिला के छोटे बेटे को ही मिली, जब वह पटना के एक प्रेस से तड़के काम करके वापस घर लौटा। उसके बाद उसने अपने परिवार के लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद वहां आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक का छोटा बेटा एक समाचार पत्र में कार्यरत है और रात की ड्यूटी के बाद सुबह लगभग 3 बजे वह घर लौटा। जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोला, भीतर का मंजर देख उसके होश उड़ गए। उसकी मां मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी थीं। अलमारी टूटी हुई थी और गहने समेत कीमती सामान गायब थे।
फिलहाल एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और वैज्ञानिक तरीके से पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है। पुलिस का मानना है कि बदमाशों को घर की पूरी स्थिति की पहले से जानकारी थी। आशंका है कि वारदात से पूर्व उन्होंने पूरे इलाके की रेकी की और इसके बाद घटना को अंजाम दिया। मृतका की बेटी का कहना है कि यह घटना अचानक हड़बड़ी में की गई हत्या का लगता है। शायद लूटपाट करने वाले को उसकी मां ने पहचान लिया होगा। बेटी ने बताया कि उसकी मां के गले में चेन, हाथ में अंगूठी, कान की बालि समेत और अन्य गहने थे। लेकिन अब सारे गहने गायब हैं।