नई दिल्ली : राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच भोजपुरी पावर स्टार और भाजपा नेता पवन सिंह ने गुरुवार (26 फरवरी) को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है कि क्या भाजपा उन्हें ऊपरी सदन (राज्यसभा) भेजने की तैयारी में है।
मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए पवन सिंह ने इसे एक ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया। उन्होंने कहा कि मैंने नितिन नवीन जी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। यह एक सामान्य शिष्टाचार मुलाकात थी। जब पत्रकारों ने उनसे सीधा सवाल किया कि क्या भाजपा उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाने जा रही है तो पवन सिंह ने मुस्कुराते हुए सधे अंदाज में जवाब दिया कि “मैं पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं। जो मालिक चाहेंगे, वही होगा।
पवन सिंह की इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि पवन सिंह की युवाओं और बिहार-यूपी के मतदाताओं के बीच जबरदस्त पकड़ है। चुनाव से ठीक पहले इस तरह की हाई-प्रोफाइल मुलाकात पार्टी के भीतर उनकी बढ़ती सक्रियता को दर्शाती है। हालांकि पवन सिंह ने गेंद पार्टी आलाकमान के पाले में डाल दी है, लेकिन उनके “मालिक” वाले बयान से साफ है कि वे पार्टी के हर आदेश के लिए तैयार हैं।