भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी हरकतों को लेकर एक नए विवाद में बुरी तरह फंस गए हैं। इस बार हरियाणा की ऐक्ट्रेस अंजलि राघव को मंच पर गलत तरीके से छूने के आरोप में महिला आयोग ने पवन सिंह को तलब कर लिया है। अभिनेत्री अंजली राघव ने पवन सिंह के खिलाफ महिला आयोग में शिकायत की थी, जिसके बाद उनको नोटिस भेजा गया है। खबर है कि आगामी 2 अप्रैल को पवन सिंह को हरियाणा के फरीदाबाद में महिला आयोग के सामने पेश होने का आदेश दिया गया है। मालूम हो कि करीब 4 माह पहले एक्ट्रेस को पवन सिंह द्वारा मंच पर सरेआम गलत तरीके से छूने वाला एक वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद एक्ट्रेस ने पवन सिंह के खिलाफ महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी।
हरियाणा महिला आयोग ने भेजा नोटिस
हरियाणवी एक्ट्रेस और मॉडल अंजलि राघव ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पवन सिंह के साथ उनके एक वीडियो को लेकर हरियाणा महिला आयोग को शिकायत दी। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 4 माह पूर्व हुए एक शो के दौरान हुई घटना का था। इसी शिकायक पर महिला आयोग ने एक्शन लेते हुए पवन सिंह के खिलाफ नोटिस जारी किया। उस वीडियो में हरियाणवी एक्ट्रेस की कमर को पवन सिंह ने छूआ था। इसको लेकर सोशल मीडिया में यह वीडियो काफी ट्रोल भी हुआ। बताया जाता है कि यह मामला महिला कलाकार के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट और झूठे प्रचार से जुड़ा है।
लखनऊ में शो के दौरान की थी हरकत
एक्ट्रेस अंजलि राघव ने अपनी शिकायत में कहा है कि एक कार्यक्रम के दौरान उनकी अनुमति के बिना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। इससे उन्हें मानसिक तनाव और सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि मामले को पहले आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था। लेकिन बाद में फिर से उनके खिलाफ फर्जी और आपत्तिजनक पोस्ट फैलाए जाने लगे। इस घटना के कारण उनकी छवि खराब हुई है और काम पर भी असर पड़ा है। अब इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने बताया था कि हमारे पास मेल आई थी। शिकायत में एक्ट्रेस ने कहा है कि हमारी इजाजत के बिना कमर पर हाथ रखा गया। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि मुझे लगा कि मेरे कपड़े पर कोई टैग लगाया गया था जिसे हटाने की कोशिश एक्टर पवन सिंह द्वारा की गई। इसी शिकायत के आधार पर महिला आयोग ने एक्ट्रेस और पवन सिंह को 2 अप्रैल को सुनवाई के लिए फरीदाबाद बुलाया है।