पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी सेवाओं को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 31 जनवरी 2026 को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग श्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। यह आयोजन ऑडिटोरियम सह आर्ट गैलरी (प्रेक्षा गृह), लहेरियासराय, दरभंगा में दो पालियों में संपन्न होगा। पहली पाली में आम जनता से संवाद किया जाएगा, जबकि दूसरी पाली में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक होगी।
प्रथम पाली: आम जनता से सीधा संवाद
पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक आयोजित प्रथम पाली में आमजनों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित राजस्व विभाग से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित शिकायतों और आवेदनों पर चर्चा होगी। कुछ आवेदनों का अंचल-वार चयन कर अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी को आवेदनकर्ता के समक्ष बैठाकर मौके पर ही समस्या पर विमर्श किया जाएगा।
इस सत्र में राजस्व विभाग के सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं अमीन अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। माननीय उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश निरस्त करते हुए सभी की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक अंचल-वार बनाए गए दो काउंटरों पर किया जाएगा। आवेदकों से अपने आवेदन में अंचल का नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करने की अपील की गई है, ताकि कार्रवाई की जानकारी एसएमएस के माध्यम से दी जा सके।
द्वितीय पाली: राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक
अपराह्न 3:30 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित दूसरी पाली में राजस्व विभाग के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे। इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित सभी ऑनलाइन सेवाओं की अद्यतन स्थिति की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी। अभियान बसेरा-2 की प्रगति की भी विशेष समीक्षा की जाएगी।
भूमि विवाद में कमी की दिशा में पहल
माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का उद्देश्य आम लोगों को समय सीमा के भीतर सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे भूमि अभिलेख अद्यतन होंगे और भूमि विवादों में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने आमजनों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भूमि सुधार से जुड़े कार्यों के लिए किसी को अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रमंडल मुख्यालयों में समीक्षा कार्य चल रहा है, जिसके बाद जिलावार समीक्षा की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य प्रशासन को और अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।