पटना | राजधानी के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को मद्य निषेध विभाग की परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। ट्रेनों की अपर्याप्त व्यवस्था का आरोप लगाते हुए परीक्षार्थियों ने न केवल रेलवे ट्रैक जाम किया, बल्कि पुलिस पर भारी पथराव भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज के साथ ही आँसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। घटना के सम्बन्ध में रेल आईजी अमरेश कुमार ने बताय कि रात करीब 11:45 बजे 200 से 250 की संख्या में प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और स्पेशल ट्रेन की मांग करने लगे।
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात 2:30 बजे स्पेशल ट्रेन उपलब्ध करा दी। हालांकि, ट्रेन आने के बावजूद प्रदर्शनकारी ट्रैक से नहीं हटे और हिंसा पर उतारू हो गए। उपद्रवियों ने स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों में तोड़फोड़ की और पुलिस बल को निशाना बनाकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस झड़प में आईजी समेत कई पुलिस अधिकारियों को मामूली चोटें आईं। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करते हुए आँसू गैस के गोले दागे। और चेतावनी के तौर पर हवाई फायरिंग भी की गई।
पटना डीएम डॉ. थियागराजन ने कहा कि प्रशासन ने परीक्षार्थियों से बार-बार सहयोग की अपील की थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर व्यवधान डाला। उन्होंने उन छात्रों को भी परीक्षा केंद्रों पर जाने से रोका जो शांतिपूर्वक यात्रा करना चाहते थे। आईजी जितेंद्र राणा ने पुष्टि की है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। ट्रैक को खाली करा लिया गया है और ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से शुरू हो गया है। स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।