भीषण गर्मी और उसके कारण लगातार बढ़ रही उमस और लू के खतरों को देखते हुए पटना में 5वीं तक के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई बंद कर दी गई है। पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने स्कूलों के संचालन को लेकर नया आदेश जारी किया है। उन्होंने नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि कक्षा पांच तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर 20 जून तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं कक्षा 6 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों को सुबह 10:30 बजे के बाद संचालित करने पर रोक लगाई गई है।
जिलाधिकारी ने इस संबंध में कहा है कि दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी और अत्यधिक तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश में जिलाधिकारी की तरफ से सभी ऐसे विद्यालयों के प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वह आदेश के अनुरूप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों का पुनर्निर्धारण करें। यह आदेश 15 जून से 20 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है।
इधर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर बताया गया कि पटना में आगामी पांच दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ दिनों में बारिश और गरज-तड़क की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 15 जून को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 16 जून को मौसम सामान्यतः आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। 17 जून को फिर से बारिश या गरज-तड़क के साथ वर्षा की संभावना बन सकती है। 18-19 जून को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।