राजधानी पटना से एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। यहां शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी में एक रिटायर्ड महिला टीचर की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और वह अकेले ही घर में रहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि घर में घुसकर हत्यारों ने रिटायर्ड शिक्षिका का गला रेत मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को आज शनिवार की सुबह शिक्षिका की खून से लथपथ लाश उसके घर में पड़ी मिली। शिक्षिका पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किये गए प्रतीत होते हैं। वहीं इस घटना से पूरे एजी कॉलोनी इलाके में डर का माहौल व्याप्त है। मौके पर पुलिस ने सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया है। यह भी खबर है कि जांच के क्रम में पुलिस ने नौकरानी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एजी कॉलोनी पार्क के पास स्थित एक घर की है। बुजुर्ग शिक्षिका की उम्र 75 वर्ष से ऊपर की बताई जाती है। हत्या की वजह के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। रिटायर्ड शिक्षिका की पहचान माधवी कुमारी के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने बीती रात तेजधार हथियार से हमला कर महिला को मौत के घाट उतार दिया। महिला के पति की 6 साल पहले मौत हो चुकी है। उनके दो बेटे उज्ज्वल कुमार और उत्कल कुमार काम के सिलसिले में दिल्ली और देहरादून में रहते हैं।
एसडीपीओ साकेत कुमार ने बताया कि शास्त्रीनगर थाना को आज शनिवार की सुबह सूचना मिली थी कि एजी कॉलोनी स्थित एक घर में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। यह भी पता चला कि शिक्षिका की सोने की चेन और अंगुठी गायब है। घटनास्थल से कई अहम सुराग बरामद किए गए है। फिलहाल मृतक महिला के परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस लूट के इरादे से हत्या के एंगल के अलावा पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।