पटना में बीती रात NIA ने खुफिया सूचना के बाद रेड मारकर मोतिहारी के एक हवाला कारोबारी को दबोच लिया। तलाशी में कारोबारी के कब्जे से 20 लाख कैश बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार जैसे ही NIA की टीम ने जाल बिछाया, एक शख्स पुलिस को देखकर स्कूटी से भागने लगा। लेकिन NIA, STF और चित्रगुप्त नगर थाना की पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे एक झोले से करीब 20 लाख रुपये कैश बरामद हुए। NIA और पुलिस ने शख्स की पहचान पूर्वी चंपारण चकिया के रहने वाले अनमोल कुमार मोदी के रूप में की है।
स्कूटी से भागने पर हुआ पुलिस को शक
दरअसल, NIA की टीम चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में जुडियो मॉल के पास स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी करने पहुंची थी। टीम को यहां संदिग्ध संदीप गुप्ता के मौजूद होने की सूचना मिली थी। हालांकि, NIA की टीम जब वहां पहुंची तो संदीप गुप्ता मौके पर नहीं मिला। इसी दौरान अपार्टमेंट के दूसरे फ्लैट में रहने वाला एक व्यक्ति NIA और पुलिस की कार्रवाई देखकर घबरा गया। वह नीचे आया और स्कूटी से वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। STF और चित्रगुप्त नगर थाना की पुलिस ने उसे रोक लिया। तलाशी में स्कूटी की डिक्की से करीब 20 लाख रुपये नकद मिले।
मोतिहारी का रहने वाला है कारोबारी
पुलिस ने आधार कार्ड के आधार पर दबोचे गए व्यक्ति की पहचान अनमोल कुमार मोदी के तौर पर की। बताया जा रहा है कि अनमोल मूल रूप से पूर्वी चंपारण के चकिया का रहने वाला है। उसका परिवार पटना के चित्रगुप्त नगर में रहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अनमोल छड़ और कबाड़ का कारोबार करता है। वह चकिया में महीने में कभी-कभार ही आता-जाता है। इधर, अनमोल के चकिया स्थित घर पर फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है। घर पर ताला लगा है और परिवार के किसी सदस्य के मौजूद होने की जानकारी नहीं है। पड़ोसियों ने बताया कि अनमोल का कारोबार छड़ और कबाड़ से जुड़ा है। फिलहाल एनआईए अनमोल से बरामद 20 लाख रुपये के स्रोत और इसके इस्तेमाल को लेकर पूछताछ कर रही है।