पटना : बिहार विधान सभा चुनाव 2025 को लेकर चाचा सीएम नीतीश से पहले पूर्व उप मुख्यमंत्री भतीजा तेजस्वी यादव उनके गृह जिला नालन्दा के राजगीर में पहुंचकर लोगों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली के धमाकेदार वादे कर दिए हैं। तेजस्वी यादव कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम के तहत आज राजगीर पहुंचे थे। वहीँ, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को भी सुना। वहीँ, उन्होंने नीतीश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा है।
राजगीर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान तेजस्वी यादव ने मौजूदा एनडीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से असफल रही, बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। वहीँ, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी अब पूरी तरह से बेकार हो चुके हैं, शासन उनकी पकड़ से बहार है।
मौके पर पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जनता से बड़े वादे करते हुए कहा कि अगर राज्य में उनकी सरकार बनती है, तो सभी को 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मिलने वाली पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दिया जाएगा। आगे तेजस्वी ने बिहार लोक आयोग में तथाकथित धांधली को सही करार देते हुए कहा कि बिहार के युवाओं से भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अपने गृह जिले में 20 फरवरी को प्रगति यात्रा है। इससे पहले तेजस्वी नालन्दा में पार्टी की अलग पहचान बनाने में जुट गए है।