पटना : पटना के गर्दनीबाग धरनास्थल पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि राज्य सरकार जीविका, ममता और आशा कार्यकर्ताओं की तरह रसोइया बहनों का भी शोषण कर रही है। तेजस्वी यादव ने रसोइया बहनों से कहा कि आप आंदोलन जारी रखिए आपका संघर्ष बेकार नहीं जाएगा। साथ ही भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बनने पर इस वर्ग के साथ न्याय किया जाएगा।
दरअसल, पटना के गर्दनीबाग धरनास्थल पर रसोइया बहनें वेतन बढ़ोतरी सहित कई अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। अचानक गर्दनीबाग धरनास्थल पर पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उनकी आवाज को बुलंद किया। इस दौरान उन्होंने नीतीश सरकार पर भी आरोप लगते हुए कहा कि राज्य सरकार आशा कार्यकर्ता, ममता और रसोइया बहनों का बिहार सरकार शोषण कर रही है। 1645 रूपये के मासिक भत्ता में किसका गुजारा चल सकता है। इन बहनों को उनका मेहनताना भी नहीं मिल पा रहा।
आगे उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार 2025 में बनी तो रसोइयां बहनों को इतना पैसा दिया जाएगा कि वो सम्मानजनक जिन्दगी जी सकेंगी और परिवार का भरण पोषण अच्छे तरीके से कर पाएंगी। उनका वाजिब हक दिया जाएगा। वहीँ, तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन बहनों की आवाज को दबाने की कोशिश की गयी तो विपक्ष हर स्तर पर इन बहनों की लड़ाई लड़ेगा। तेजस्वी यादव ने रसोइया बहनों से कहा कि आप आंदोलन जारी रखिए आपका संघर्ष बेकार नहीं जाएगा।