पटना/गया : गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए इमामगंज विद्युत आपूर्ति शाखा के कनीय अभियंता सचिन कुमार के निलंबन की अनुशंसा की, जिस पर बिहार राज्य विद्युत विभाग ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई इमामगंज प्रखंड के मंझौली गांव निवासी उमेश साव की शिकायत पर हुई जांच के बाद की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी आइस फैक्ट्री की विद्युत जांच के दौरान विभागीय टीम ने मशीन को “टोका” लगाकर चलाने का आरोप लगाया, जबकि शिकायतकर्ता ने इसे पूरी तरह निराधार बताया। साथ ही आरोप लगाया गया कि मामले को रफा-दफा करने के लिए कनीय अभियंता द्वारा अवैध राशि की मांग की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने जून 2026 में अनुमंडल पदाधिकारी, शेरघाटी को विस्तृत जांच का निर्देश दिया। जांच में विद्युत विभाग आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच प्रतिवेदन में यह भी सामने आया कि कनीय अभियंता सचिन कुमार द्वारा विभाग के लेखापाल रंजीत कुमार के बैंक खाते में यूपीआई के माध्यम से 20,000 रुपये प्राप्त किए गए थे। शिकायतकर्ता ने यह भी बयान दिया कि उनसे 50,000 रुपये नकद भी अवैध रूप से लिए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने कनीय अभियंता सचिन कुमार, सहायक अभियंता राजीव झा, लेखापाल रंजीत कुमार, मानव बल संजय पासवान तथा सुपरवाइजर विक्रम सिंह के विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई करने का निर्देश विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को दिया। साथ ही कनीय अभियंता के निलंबन की अनुशंसा भी की गई।
डीएम की अनुशंसा पर बिहार राज्य विद्युत विभाग ने सचिन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विद्युत अंचल, भागलपुर निर्धारित किया गया है। जांच के दौरान संबंधित लाइनमैन की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई, जिसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। डीएम शशांक शुभंकर ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और पद के दुरुपयोग के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट