पटना : राजधानी पटना में कथित तौर पर सेक्स रैकेट का विरोध करने वाले एक युवक की अपहरण के बाद हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पटना जंक्शन के समीप फास्ट फूड का व्यवसाय करने वाले 25 वर्षीय बंटी कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों का आरोप है कि सोमवार की रात बंटी कुमार का पटना जंक्शन के पास से अपहरण कर लिया गया। उनका कहना है कि बंटी स्थानीय स्तर पर कथित सेक्स रैकेट का विरोध कर रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआती स्तर पर अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई।
शनिवार देर शाम अथमलगोला थाना क्षेत्र में बख्तियारपुर फोरलेन के किनारे फुलेलपुर गांव के समीप पानी भरे खेत से एक शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान के लिए परिजनों को बुलाया गया। चेहरा क्षत-विक्षत होने के कारण शव की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन कपड़ों और पैर में लगी लोहे की रॉड के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान बंटी कुमार के रूप में की।
बाढ़-1 के एसडीपीओ रामकृष्ण और अथमलगोला थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई तथा हत्या के बाद शव को मिट्टी में दबा दिया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों तथा इसमें शामिल आरोपियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट