पटना : मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस प्रशासन द्वारा नगर क्षेत्र में व्यापक पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया तथा इस फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ शांति-सौहार्दपूर्ण बातावरण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।बाढ़ एसडीपीओ -1, रामकृष्ण के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र पुलिस बल द्वारा नगर के मुख्यमार्गों पर फ्लैग मार्च किया गया। एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है और पूरे क्षेत्र में लगातार गश्ती और निगरानी की जा रही है।
उन्होनें कहा कि विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर भी पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बल मौजूद रहेगें तथा मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के साथ पुलिस प्रशासन की विशेष टीम मौजूद रहेगी, ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन के निर्देशानुसार जुलूसों में डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और उपद्रवियों पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जायेगी तथा सभी आयोजकों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील भी की गई है।पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे,शांति और सौहार्दपूर्ण के साथ मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
इसके पूर्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़ – 01,रामकृष्ण के द्वारा बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन कराने हेतु जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में पर्व के दौरान शांति,सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा ” बैठक में स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि मोहर्रम पर्व के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।”
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट