पटना/बाढ़ : बिहार की राजनीति में सक्रिय संगठन जन सुराज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी रहे महेश प्रसाद सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी हार से हताश नहीं है, बल्कि जनता के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
अनुमंडल मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए महेश प्रसाद सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार जनहित के मुद्दों पर काम करने में विफल रही है और राज्य में अपराध एवं भ्रष्टाचार पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाया।
उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए नोटबंदी, सोना खरीद और पेट्रोल-डीजल से जुड़े फैसलों को असफल बताया। साथ ही दावा किया कि बिहार की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
इस मौके पर जन सुराज के जिलाध्यक्ष सह पूर्व मुखिया प्रमोद कुमार सिंह उर्फ कारू सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति पूरी तरह विफल हो चुकी है और सरकार केवल बयानबाजी कर जनता को भ्रमित कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोहन कुमार सिंह, प्रेमशंकर सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट