दनियावां (पटना) : पटना के दनियावां स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (पाटलिपुत्र सीमेंट वर्क्स) में बुधवार को मजदूरों के धैर्य का बांध टूट गया। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सैकड़ों मजदूरों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण कारखाने में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। प्रदर्शनकारी मजदूरों का आरोप है कि प्रबंधन द्वारा उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। मजदूरों के अनुसार, वर्तमान महंगाई में मिल रहे वेतन से परिवार का भरण-पोषण करना असंभव हो गया है।
प्रदर्शन में शामिल मजदूर प्रमोद प्रसाद ने बताया कि नियमों के मुताबिक उन्हें प्रतिदिन ₹783 मिलने चाहिए, जबकि वर्तमान में उन्हें मात्र ₹436 दिए जा रहे हैं। और इसी मजदूरी के वेतन से पीएफ (PF) और छुट्टियों की राशि भी काट ली जाती है, तो हाथ में आने वाली रकम बेहद कम रह जाती है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जब भी वे अपनी आवाज उठाते हैं, प्रबंधन उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी देता है। हंगामे और काम ठप होने की स्थिति पर फैक्ट्री के एचआर हेड श्यामेंद्र दधीचि ने फिलहाल कोई भी आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया है।
हालांकि, स्थिति की गंभीरता और बढ़ते विरोध को देखते हुए प्रबंधन ने प्रदर्शनकारी मजदूरों से उनकी मांगों का एक लिखित आवेदन मांगा है ताकि मामले पर विचार किया जा सके। समाचार लिखे जाने तक मजदूर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और फैक्ट्री गेट पर डटे हैं। मजदूरों का साफ कहना है कि जब तक न्यूनतम मजदूरी लागू करने और शोषण बंद करने का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।