पटना/खगड़िया : बिहार के न्यायपालिका परिसरों पर मंडराते खतरों के बीच यह एक बड़ी और सनसनीखेज खबर है। बिहार की न्यायिक सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए असामाजिक तत्वों ने एक साथ तीन जिलों पटना, बेगूसराय और खगड़िया के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी है। सबसे चौंकाने वाला मामला पटना सिविल कोर्ट का है, जिसे एक महीने के भीतर तीसरी बार निशाना बनाने की धमकी मिली है।
आज पटना सिविल कोर्ट को भेजे गए एक धमकीभरे ई-मेल ने हड़कंप मचा दिया। मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर और जज के चैंबर में 14 सायनाइड गैस से भरे बम रखे गए हैं, जो दोपहर 1:00 बजे से पहले फट जाएंगे। धमकी मिलते ही पूरे परिसर को खाली कराया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं। कोर्ट में चेहरे पर मास्क लगाकर प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और हर वाहन की सघन जांच की जा रही है।
खगड़िया व्यवहार न्यायालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को भी इसी तरह का धमकीभरा ई-मेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही सदर SDPO मुकुल कुमार रंजन के नेतृत्व में पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। बेगूसराय कोर्ट में भी सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है।
मालूम हो कि पटना सिविल कोर्ट को इससे पहले आरडीएक्स (RDX) से उड़ाने की धमकी मिली थी, लेकिन इस बार ‘सायनाइड गैस बम’ के दावे ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। पुलिस अब उन ई-मेल एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी है, जिनसे ये संदेश भेजे गए हैं। खगड़िया SDPO मुकुल कुमार रंजन ने कहा है कि हमें कोर्ट परिसर में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिली थी। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते के साथ पूरी जांच की जा रही है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।