Patna : मौलाना मज़हरुल हक़ अरबी फ़ारसी विश्वविद्यालय के एन एस एस प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर में आज प्रसिद्ध वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ प्रोफेसर विवेक यादव ने दिमाग और तंत्रिका से जुड़ी बीमारियों की पहचान, रोकथाम और सावधानियों के बारे में विस्तार से संवाद किया और विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हल भी बताया। इस अवसर पर डॉ विवेक यादव ने बताया कि वर्तमान समय में बीमारी की सही समय पर पहचान सबसे सही निदान है।
उन्होंने बताया कि बिना चिकित्सक के परामर्श के आजकल मरीज़ इंटरनेट के सहारे ही अपना इलाज ढूंढ रहे हैं जो न्यूरो संबंधी बीमारियों में घातक हो सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं ने भी परीक्षा और स्त्री स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में कई महत्वपूर्ण सवाल किए। इसके अलावा अन्य सदस्यों ने भी दर्द, चक्कर, स्ट्रोक, माइग्रेन आदि समस्याओं से जुड़ी जानकारियां ली। एन एस एस प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ निखिल आनंद गिरि ने शॉल ओढ़ाकर अतिथि को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के लोक सूचना अधिकारी डॉ मो जमशेद आलम, एमबीए विभाग की प्रमुख डॉ तृष्णा, अरबी विभाग के डॉ अनवारूल, इस्लामिक स्टडीज के डॉ मो तहसीन ज़माँ, उर्दू विभाग की डॉ ज़रनिगार, कर्मचारी और छात्र भी उपस्थित रहे। विगत दो दशकों से देश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे डॉक्टर विवेक यादव ने देश के सुप्रतिष्ठित राम मनोहर लोहिया अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल से सर्जरी और न्यूरोसर्जरी में विशेषज्ञता हासिल की है। फिलहाल वह दिल्ली के एक बड़े निजी अस्पताल में कार्यरत हैं।
प्रभात रंजन शाही की रिपोर्ट