पटना : बिहार विधानसभा में बजट सत्र के दौरान शुरू हुई जुबानी जंग अब सड़क तक पहुँच गई है। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर द्वारा राजद नेतृत्व पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने कड़ा ऐतराज जताया है। पटना में मीडिया से बात करते हुए खेसारी ने मैथिली ठाकुर को ‘कम ज्ञान’ वाला बताया और राजनीति में शालीनता बनाए रखने की सलाह दी। दरअसल, विधायक मैथिली ठाकुर ने सदन में लालू प्रसाद यादव की तुलना ‘धृतराष्ट्र’ और तेजस्वी यादव की ‘दुर्योधन’ से की थी।
इस पर खेसारी लाल यादव ने कहा कि “मैथिली ठाकुर को राजनीति का ज्ञान बहुत कम है। कम उम्र में बड़ी उपलब्धियां मिल जाने पर इंसान अक्सर इसी तरह की भाषा बोलता है।” खेसारी ने आगे कहा कि राजनीति में आने का मतलब यह नहीं है कि आप इंसानियत और संस्कार भूल जाएं। किसी को छोटा बोलने से कोई बड़ा नहीं हो जाता। जनता ने उन्हें सेवा के लिए चुना है, न कि अपशब्द बोलने के लिए। अभिनेता ने जोर दिया कि राजनीति में उन पढ़े-लिखे लोगों को आना चाहिए जिन्हें देश और दुनिया की सही समझ हो।
वहीँ, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी द्वारा एक होली गीत के जरिए पवन सिंह को ‘पावर स्टार’ और खेसारी को ‘गड्ढे में गिरा इंसान’ बताए जाने पर भी खेसारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बेहद परिपक्वता दिखाते हुए कहा कि “मनोज तिवारी मेरे बड़े भाई जैसे हैं। वह एक राजनेता हैं, इसलिए ऐसी बातें बोलते रहते हैं, लेकिन मैं उनका आजीवन सम्मान करता रहूंगा। इधर-उधर की बातों से न संगीत का भला होगा और न ही देश का।”
लंबे समय से विवादों में रही खेसारी और काजल राघवानी की जोड़ी को लेकर भी पत्रकारों ने सवाल पूछा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह काजल के साथ दोबारा काम करेंगे, तो उन्होंने कहा कि “काजल ने ही पहले कहा था कि वह मेरे साथ कभी काम नहीं करेंगी। अगर अब उनकी विचारधारा बदल गई है और वह साथ काम करना चाहती हैं, तो उनका स्वागत है।” खेसारी ने विनम्रता दिखाते हुए जोड़ा कि वह इतने बड़े कलाकार नहीं हैं कि किसी को काम देने से मना कर दें।