पटना : पटना जिले के बाढ़ प्रखंड अंतर्गत सादिकपुर गांव में आयोजित विकसित भारत जी राम जी कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यक्रम के दौरान मंच का एक हिस्सा धंस गया, जिस पर मौजूद बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह बाल-बाल बच गईं। सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से उन्हें सुरक्षित मंच से नीचे उतार लिया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खेल मंत्री श्रेयसी सिंह एवं स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अतिथियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जब खेल मंत्री मंच पर उपस्थित लोगों की समस्याएं सुन रही थीं, तभी अचानक मंच का लकड़ी का स्ट्रक्चर एक ओर से धंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंत्री से मिलने और फोटो खिंचवाने की होड़ में बड़ी संख्या में लोग मंच पर चढ़ गए थे, जिससे क्षमता से अधिक भार पड़ने के कारण यह हादसा हुआ।मंच धंसते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को सुरक्षा घेरे में लेकर भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। विधायक डॉ. सियाराम सिंह भी इस घटना में पूरी तरह सुरक्षित रहे। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इस घटना ने कार्यक्रम आयोजकों और स्थानीय प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीआईपी कार्यक्रम होने के बावजूद मंच की मजबूती की जांच न होना और भीड़ नियंत्रण में चूक को गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। खेल मंत्री ने धैर्य बनाए रखते हुए उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया। स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने में जुट गई और स्थिति को सामान्य किया गया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट