पटना/पूर्वी चंपारण। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण सुविधाओं, आधुनिक मशीनों तथा संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी ली और औद्योगिक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगारोन्मुख बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने महिला आईटीआई को महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत राज्य के 151 सरकारी आईटीआई को टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस योजना के तहत दो चरणों में उच्च प्रभाव वाली परियोजनाएं लागू की जा रही हैं। टाटा टेक्नोलॉजीज 149 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की सुविधाओं का उन्नयन कर रही है, वहीं 20 वैश्विक उद्योग भागीदारों के सहयोग से 23 विशेष आईटीआई पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
ये केंद्र छात्रों और नियोक्ताओं की जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ एमएसएमई के लिए तकनीकी एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट