पटना : राजधानी पटना से सटे चर्चित अनुमंडल के डाकबंगला परिसर में जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सम्मान सह सदस्यता समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ एवं प्रदेश स्तरीय नेता शामिल हुए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जद(यू) नेता सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्याम रजक उपस्थित रहे। इनके अलावा जहानाबाद के पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी, सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो. इरशादउल्लाह, समता पार्टी गठनकाल से जद(यू) के कद्दावर नेता प्रो. शंकर सिंह, जद(यू) किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश नेता मनोज कुमार, शंभू नारायण सिंह, राजीव रंजन पटेल, परशुराम पारस, अथमलगोला प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजकिशोर सिंह, रामकुमार शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि सुजीत ग्राईं, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि उमेश मंडल, मुखिया प्रतिनिधि उमाशंकर सिंह, रंजीत मल्लिक, मनोज पटेल, राजू तेली सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान को जोर-शोर से चलाने पर बल दिया। इस दौरान प्रदेश नेतृत्व द्वारा संगठन जिला बाढ़ के कई कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। जिलाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी ने कार्यक्रम में आए सभी प्रदेश नेताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि इस बार पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम किया, जिसके परिणामस्वरूप बिहार में एनडीए को 202 सीटें प्राप्त हुईं और नीतीश कुमार पुनः मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन के लिए शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर बिहार के सभी जिलों में इस तरह के सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, ताकि कार्यकर्ता आगे भी और अधिक ऊर्जा व समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करें।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट