पटना : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) और मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जेडीयू ने आवास से सामान शिफ्ट किए जाने पर सवाल उठाते हुए गंभीर आशंकाएं व्यक्त की हैं। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में ‘तहखाना’ हो सकता है। कारण कि लालू परिवार के सदस्य की गैर मौजूदगी में गुपचुप तरीके से सामान शिफ्ट किया जा रहा है।
नीरज कुमार ने आशंका जताते हुए कहा कि “इस आवास में जमीन के डीड (दस्तावेज), भारी मात्रा में नकदी और ज्वेलरी जैसी कीमती चीजें छिपाई गई हो सकती हैं। आखिर परिवार की अनुपस्थिति में यह सामान कौन और क्यों हटा रहा है? प्रशासन को इस बंगले की गतिविधियों पर विशेष नजर रखनी चाहिए।” वहीँ, जेडीयू के इन आरोपों पर आरजेडी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने इसे पूरी तरह बेबुनियाद और स्तरहीन राजनीति करार दिया।
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि राबड़ी देवी राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री रही हैं और उनके निजी जीवन व आवास को लेकर इस तरह की बयानबाजी करना राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। जेडीयू के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे अनर्गल आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीँ, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ‘जमीन के बदले नौकरी’ (Land for Jobs) मामले की जांच के बीच जेडीयू का यह आरोप लालू परिवार की घेराबंदी करने की एक नई रणनीति हो सकता है।