राजधानी पटना में अब गंदगी फैलाने वालों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा। अगर कोई भी व्यक्ति सड़क पर थूकेगा तो उसे नगर शत्रु घोषित किया जाएगा। साथ ही ऐसे व्यक्ति की तस्वीर भी शहर में लगाई जाएगी और 500 रुपये फाइन भी लिया जाएगा।गुटखा-पान खाकर या ऐसे ही खुले में थूकने वाले लोगों पर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश दिया है। इसको लेकर पटना नगर निगम ने आम लोगों के लिए एक आदेश जारी किया है। इस आदेशा के अनुसार खुले में थूकने वालों की अब खैर नहीं होगी। अब खुले में थूकने वाले को ‘नगरशत्रु’ कहा जाएगा और उनपर 500 रुपये जुर्माना भी लगाया जाएगा। लोगों को सख्ती से आदेश का पालन करने और कराने का निर्देश दिया गया है तथा अपने आस पड़ोस में थूकने वालों की शिकायत करने को भी कहा गया है।
दरअसल, सीएम के निर्देश के बाद पटना नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सख्त निर्णय लिया है। अब पान, गुटखा एवं अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन कर सार्वजनिक स्थलों पर थूकने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। खुले में थूकते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति से ₹500 का जुर्माना वसूला जाएगा साथ ही उनकी तस्वीरें शहर में स्थापित वैरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMD) स्क्रीन पर प्रसारित की जाएगी। ऐसे व्यक्तियों को “नगर शत्रु” की श्रेणी में रखा जाएगा। नगर आयुक्त सह पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक यशपाल मीणा के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। खुले में थूकने की प्रवृत्ति से शहर की स्वच्छता, सौंदर्य एवं नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। चौक-चौराहों, फ्लाइओवरों, सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर थूकने से कई ड स्पॉट’ की श्रेणी में आ सकते हैं। इसी को रोकने के उद्देश्य से यह सख्ती आवश्यक हो गई है।
जानकारी के अनुसार शहर के लगभग 415 स्थानों पर 3300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़े हुए हैं। इन कैमरों के माध्यम से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है। नगर आयुक्त द्वारा निर्देश दिया गया है कि खुले में थूकने एवं सार्वजनिक स्थलों को गंदा गंदा करने वालों की पहचान कर ऐसे नगर शत्रु की तस्वीरें VMD स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएं। इसके अतिरिक्त, खुले में पेशाब करने वालों के विरुद्ध भी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम की प्रवर्तन टीमों को मौके पर ही जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत मल्टी मॉडल हब से पटना जंक्शन को जोड़ने वाली भूमिगत सब-वे में खुले में थूकने के मामलों में अब तक लगभग 250 व्यक्तियों से जुर्माना वसूला जा चुका है। उल्लेखनीय है कि पटना नगर निगम की यह पहल न केवल शहर की स्वच्छता में सुधार लाने की कोशिश है। पटना नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग दें और यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाता हुआ दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पटना नगर निगम के टॉल-फ्री नंबर 155304 पर दें।