– 4 से 11 फरवरी तक राज्यभर में चल रहा विशेष स्क्रीनिंग अभियान
पटना। स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय ने कहा है कि राज्य सरकार गैर-संचारी रोगों, विशेषकर कैंसर की समय पर पहचान और समुचित उपचार को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर 4 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक राज्यभर में गैर-संचारी रोग खोज अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत राज्य के सभी सदर अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क जांच-सह-चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों में आम लोगों की सामान्य कैंसर (मुंह, स्तन एवं गर्भाशय के मुख का कैंसर) के साथ-साथ मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शिविरों में महिलाओं की निजता की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए स्तन कैंसर एवं गर्भाशय के मुख के कैंसर की जांच कराई जा रही है। प्रत्येक शिविर में प्रशिक्षित चिकित्सा दल की तैनाती की गई है, जिसमें दो एमबीबीएस चिकित्सक (एक महिला चिकित्सक सहित), स्टाफ नर्स/एएनएम तथा काउंसलर शामिल हैं। जिलों में शिविरों के आयोजन एवं कैंसर स्क्रीनिंग कार्य के लिए दक्ष संस्थानों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
श्री पांडेय ने कहा कि कैंसर को लेकर समाज में फैले डर और भ्रांतियों को दूर करना इस अभियान का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है, ताकि लोग बिना संकोच जांच कराएं और बीमारी की शुरुआती अवस्था में ही इलाज संभव हो सके। उन्होंने बताया कि जन-जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों में बैनर, पोस्टर, स्टैंडी, हैंडबिल तथा माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक निःशुल्क, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना है।