गया/ग्राम मेन। गया जिले के ग्राम मेन स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा कोटेश्वर नाथ धाम में आज आध्यात्मिक आस्था और अतिथि सत्कार का अद्भुत संगम देखने को मिला। पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री विवेक चौधरी अपने परिवार के साथ बाबा कोटेश्वर नाथ धाम पहुंचे और देवाधिदेव महादेव की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। न्यायमूर्ति श्री विवेक चौधरी का यह आगमन बिहार के पूर्व लोकायुक्त अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति श्री श्याम किशोर शर्मा के स्नेहपूर्ण आमंत्रण पर हुआ।

धाम परिसर में आगमन पर न्यायमूर्ति श्री विवेक चौधरी का भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति श्री श्याम किशोर शर्मा के पूज्य पिताजी ने न्यायमूर्ति श्री विवेक चौधरी को बाबा कोटेश्वर नाथ महादेव का छायाचित्र एवं धाम के इतिहास से संबंधित पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया। इसके पश्चात मंदिर के मुख्य पुजारी श्री त्रिपाठी जी ने पूरे विधि-विधान से परिवार सहित 6th ई.पू. कालीन 1008 सहस्रलिंग शिवलिंग का दर्शन, पूजन और जलाभिषेक संपन्न कराया। माननीय न्यायमूर्ति श्री विवेक चौधरी जैसे प्रतिष्ठित न्यायिक व्यक्तित्व के सपरिवार आगमन से ग्राम मेन एवं आसपास के क्षेत्रों में अत्यंत उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा।
स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने इस पल को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। उल्लेखनीय है कि बाबा कोटेश्वर नाथ धाम अपनी प्राचीन परंपरा और अद्वितीय 1008 सहस्रलिंग शिवलिंग के कारण बिहार के प्रमुख शिवधामों में विशेष स्थान रखता है। सावन मास सहित वर्ष भर यहाँ श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। माननीय न्यायमूर्ति के आगमन से इस ऐतिहासिक धाम की धार्मिक गरिमा को एक नया आयाम मिला है। इस दौरान अनेक समाजसेवी, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने न्यायमूर्ति श्री विवेक चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धाम की महिमा को दूर-दूर तक प्रसारित करने का संकल्प लिया।
दीपक कुमार की रिपोर्ट

