पटना: पटना उच्च न्यायालय की अधिवक्ता एडवोकेट वैष्णवी ठाकुर व उनके पति एडवोकेट ऋतिक ठाकुर की मौत शनिवार को सड़क दुर्घटना में हो गई। दुर्घटना में उनका बच्चा व कार चालक गंभीर रूप से घायल हैं। घटना किशनगंज के पास धनतोला क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैष्णवी अपने पति व बेटे के साथ छुट्टियां मनाकर सिलीगुड़ी से पटना लौट रहीं थीं। शनिवार को दोपहर 12:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग—31 पर एक ट्रक ने उनकी फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी और भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही वैष्णवी ठाकुर की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मदद को आए और घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
ज्ञात हो कि वैष्णवी ठाकुर पटना उच्च न्यायालय के जानेमाने वरीय अधिवक्ता अजय ठाकुर की बहु हैं। पटना के भूतनाथ रोड में पानी टंकी के पास इनका आवास है। अजय ठाकुर के बेटे व बहु उनके साथ ही उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस करते थे। घटना की सूचना मिलते ही पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता वर्ग में शोक की लहर दौड़ गई।
शिवम प्रेरणा की रिपोर्ट