पटना में जनप्रतिनिधियों के बिगड़ैल बच्चे किस कदर सनकी हैवान बन चले हैं, इसकी बानगी राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र में देखने को मिली। यहां एक दिल दहला देने वाली घटना में एक वार्ड पार्षद के सनकी बेटे ने एकतरफा प्यार में एक नाबालिग छात्रा को बीच सड़क पेट्रोल छिड़क जिंदा जला दिया। युवक छात्रा के पीछे कई दिनों से पड़ा हुआ था, लेकिन छात्रा के इनकार पर वह हैवान बन गया। उसने कथित तौर पर छात्रा को उसकी फोटो वायरल करने की धमकी देकर काबू करने की कोशिश की। लेकिन जब वह नहीं मानी तो उसने बीच सड़क छात्रा पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा करीब 100 फीट तक जान बचाने के लिए भागी फिर अचानक गिर पड़ी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां छह दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।
फोटो वायरल की धमकी, फिर जिंदा जलाया
घटना पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र की है। पार्षद के सनकी बेटे का नाम आदित्य कुमार बताया जाता है। 17 साल की मृतक लड़की कक्षा 10 की छात्रा थी और गोपालपुर के एक गांव में अपने नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। 17 जनवरी को वह दोपहर के समय नानी के घर से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे रोक लिया। लड़की के पिता का आरोप है कि आरोपी युवक आदित्य कुमार (22) पहले भी छात्रा से जबरन बातचीत करने की कोशिश करता था। घटना के दिन उसने छात्रा को घेर लिया और एक फोटो दिखाकर उसे वायरल करने की धमकी देने लगा। लड़की ने उससे कहा कि तुम्हें जो करना है कर लो। मैं तुमसे डरने वाले नहीं हूं। आरोपी ने उसे जिंदा जलाने की धमकी दी। इस पर लड़की ने कहा कि अगर हिम्मत है तो जला दो। इतना सुनते हैं सनकी युवक ने लड़की पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी।
100 फीट तक सड़क पर भागी, फिर गिर पड़ी
आग लगने के बाद छात्रा खुद को बचाने के लिए लगभग 100 फीट तक भागी। चीखती रही, चिल्लाती रही लेकिन सनकी ने उसकी एक न सुनी। लड़की का शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और लड़की को फौरन अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर पटना के NMCH रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान बीते दिन उसकी मौत हो गई। इलाज के दौरान घायल अवस्था में छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि युवक ने जबरन उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने इस बयान को मामले का अहम साक्ष्य माना है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।