बिहार की राजधानी पटना से सटे खगौल में आज शुक्रवार को सुबह—सुबह पुलिस और एक कुख्यात गैंगस्टर के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पुलिस ने हत्या, लूट और रंगदारी सहित 20 से अधिक मामलों के कुख्यात आरोपी मैनेजर राय को गोली मारकर धर दबोचा। मैनेजर राय खगौल इलाके में पिछले दिनों हुए चर्चित डॉक्टर हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में पुलिस की गोली लगी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और कुछ कारतूस भी बरामद किया है। मुठभेड़ के बाद मौके पर पहुंचे पटना के वरीय आरक्षी अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मैनेजर राय पर पटना के विभिन्न थानों में 20 से अधिक डकैती, हत्या, लूट के मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इस पर इनाम भी घोषित है।
जानकारी के अनुसार कुख्यात मैनेजर राय दीदारगंज का रहने वाला है। आज शुक्रवार की सुबह खगौल में उसके होने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद पुलिस इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस के आने की भनक मैनेजर राय को लग गई और वह छिपने की कोशिश करने लगा। लेकिन बाद में अपने-आप को घिरा हुआ देख उसने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली मैनेजर राय के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद करने की बात कही है। अब पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस को लंबे समय से मैनेजर राय की तलाश थी। बताया गया कि 2022 में खगौल में हुई डॉ. मो.अनावर आलम की हत्या के मामले में भी मैनेजर राय शामिल था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मैनेजर राय खगौल इलाके में मौजूद है। इसी क्रम में पुलिस गहन चेकिंग कर रही थी। पुलिस को देखकर अपराधी मैनेजर राय ने अपनी स्कूटी से भागने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उसे रोकने के लिए कहा तो वह पुलिस पर गोली चला दी। पटना एसएसपी ने बताया कि अपराधी द्वारा दो गोली चलाई गई, जबकि पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्रवाई में दो गोली चलाई गई है। गोली अपराधी के पैर में लगी है, जिससे मौके पर वह घायल हो गया। हत्या के अलावा वह रंगदारी, लूट जैसे 20 से अधिक संगीन मामले में भी शामिल था। फिलहाल अपराधी को एम्स में एडमिट किया गया है जहां पुलिस की सुरक्षा में उसका इलाज किया जा रहा है।