पटना : राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक अस्पताल के कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना जक्कनपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है, जो फोर्ड हॉस्पिटल में बिल्डिंग स्टाफ के रूप में तैनात था। घटना के बाद से इलाके में खौफ का माहौल है। वहीँ, पुलिस को घटना स्थल से पांच खोखा मिला है। आगे की करवाई के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, जक्क्नपुर थाना क्षेत्र में स्थित कार शो रूम के पास अमित कुमार को आज यानी कि शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाते हुए उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जबतक लोग कुछ समझ पाते अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। फायरिंग में अमित कुमार के सीने में गोली लगी, स्थानीय लोगों की मदद से उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची जक्कनपुर थाने की पुलिस के अलावा पुलिस के अन्य अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से पुलिस ने पांच खोखा बरामद किया है। गोलीबारी की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।