पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग ने 27 अगस्त को राज्य के पांच जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 5 अधिकारियों व कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासनिक स्तर पर फैले भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना के लिए राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई की गई है। इस एक्शन के बाद से आरा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, खगड़िया और औरंगाबाद जिलों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों को विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जा रहा है।
अब तक 2025 में 45 से ज्यादा भ्रष्ट अधिकारी गिरफ्तार
निगरानी ब्यूरो के डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि साल 2025 की शुरुआत से अब तक 45 से अधिक रिश्वतखोरों को पकड़ा जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान और तेज किया जाएगा। विभाग ने लोगों से टोल-फ्री नंबर 1064 पर भ्रष्टाचार की शिकायत करने की अपील की है।
इन अधिकारियों की हुई गिरफ्तारी:
1. आरा (शाहपुर) बीईओ मो. गुलाम सरवर को ₹1 लाख रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। शिक्षक संतोष कुमार पाठक की सर्विस बुक गायब थी, जिससे उनका ₹8.54 लाख वेतन अटका हुआ था। बीईओ ने वेतन रिलीज़ करने के बदले 12% की रिश्वत मांगी थी। निगरानी टीम ने ट्रैप बिछाकर उन्हें रंगे हाथों पकड़ा।
2. पूर्वी चंपारण (संग्रामपुर) दारोगा मशरुर आलम को वाहन जांच के दौरान रिश्वत लेते वायरल वीडियो के आधार पर गिरफ्तार किया गया। वे पिछले 9 महीने से थाने में तैनात थे। एसपी के निर्देश पर निगरानी ने कार्रवाई की।
3. मधुबनी (उद्योग विभाग) एमएसएमई उद्योग मित्र मो. मोसाहिद खान को ₹15,000 की रिश्वत लेते पकड़ा गया। बसवरिया गांव के सुशील कुमार ने योजना के तहत ऋण की तीसरी किस्त के लिए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी।
4. खगड़िया (अलौली अंचल कार्यालय) हलका कर्मचारी सत्येंद्र सिंह को ₹20,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। गुड्डु कुमार ने दाखिल-खारिज से जुड़े काम के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी।
5. औरंगाबाद (सदर थाना) दारोगा उमेश राम को ₹20,000 लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
अब उन्हें पटना कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस अभियान से स्पष्ट है कि बिहार सरकार और निगरानी विभाग भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर काम कर रहे हैं। लगातार हो रही गिरफ्तारियों ने भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में खौफ पैदा कर दिया है।