पटना : पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में बुधवार को केंद्रीय परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा एवं मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मत्था टेक कर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराने के बाद दोनों नेता यहां पहुंचे। दरबार साहिब में नतमस्तक होने के बाद ग्रंथी द्वारा उन्हें सिरोपा प्रदान किया गया।
इस दौरान गुरु गोविंद सिंह जी के बाल्यकाल से जुड़ी पवित्र धरोहर—चरण पादुका, शस्त्र एवं अंग वस्त्र—का भी दर्शन कराया गया। दोनों नेताओं ने लंगर में भी भाग लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि गुरुघर में दर्शन करना सौभाग्य की बात है और उन्होंने बिहार व देश की समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी एवं स्थानीय नेता मौजूद रहे। तख्तश्री कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत कर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
इसी दौरान प्रसिद्ध सिख संत संत रणजीत सिंह ढडरीयांवाले भी तख्तश्री हरिमंदिर पहुंचे और मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया। कमेटी द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया तथा जत्थेदार भाई बलदेव सिंह ने उन्हें सिरोपा प्रदान किया। संत ढडरीयांवाले ने गुरु गोविंद सिंह जी एवं माता साहिब कौर जी के जोड़ा साहिब का भी दर्शन किया। तख्तश्री कमेटी के पदाधिकारियों ने उनसे आग्रह किया कि वे भविष्य में यहां एक सप्ताह का दीवान आयोजित करें, जिससे बिहार की संगत उनके कीर्तन का लाभ उठा सके।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट