पटना सिटी। सिखों के प्रकाश पर्व की तैयारियों के बीच गुरुद्वारा बाललीला मैनी संगत में संगत की सेवा हेतु एक नया अध्याय जुड़ गया। संत बाबा कश्मीर सिंह जी भूरीवाले के सान्निध्य में मंगलवार को अरदास के उपरांत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित श्री गुरु नानकदेव जी यात्री निवास को संगत के ठहराव के लिए खोल दिया गया।
औपचारिक उद्घाटन से पूर्व सेवादारों की उपस्थिति में नाम सिमरन एवं अरदास की गई। इस अवसर पर बाबा कश्मीर सिंह जी भूरीवाले ने बताया कि चार मंजिला इस यात्री निवास में कुल 40 वातानुकूलित कमरे हैं। सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए गर्म पानी की व्यवस्था की गई है, वहीं पीने के लिए स्वच्छ जल और यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट भी उपलब्ध कराई गई है। संगत के जूता-चप्पल रखने के लिए ग्राउंड फ्लोर पर विशाल कपल हाउस का निर्माण किया गया है।
बाबा भूरीवाले ने कहा कि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भविष्य में 250 कमरों वाली एक और आवासीय सुविधा के निर्माण की योजना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गुरुवार को कंगन घाट में लंगर सेवा सुबह नौ बजे से प्रारंभ की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी गुरुद्वारा बाललीला मैनी संगत में राजा फतेहचंद मैनी एवं राजमाता वसुंधरा देवी के नाम पर यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की जा चुकी है। नए यात्री निवास की विशेषता बताते हुए बाबा भूरीवाले ने कहा कि इसके कमरों और गैलरियों को सिख इतिहास को दर्शाने वाली चित्रावलियों से सजाया गया है। परिसर के अंदर और बाहर लगाए गए पौधे इसकी सुंदरता को और बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर सिंगापुर निवासी अमरजीत सिंह एवं उनके सहयोगी दविंदर सिंह के योगदान का विशेष रूप से उल्लेख किया गया, जिन्होंने सराय निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम में बाबा सुखविंदर सिंह, बाबा गुरविंदर सिंह, बाबा गुरनाम सिंह, बाबा करण सिंह, बाबा नजर सिंह, बाबा गुरबंत सिंह, बाबा मिंटा सिंह, बाबा हरि सिंह, बाबा रतन सिंह, बाबा जुगराज सिंह, बाबा बलवंत सिंह, बाबा गुरभेज सिंह, बाबा सेवा सिंह, बाबा यादविंदर सिंह, राजन सिंह, बाबा सतनाम सिंह, बाबा जोधबीर सिंह, बाबा करणवीर सिंह, बाबा लश्कर सिंह, बाबा बख्शीश सिंह, बाबा बूटा सिंह, राम सिंह भिंडर, सुख ग्वालियर सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट