राजधानी पटना में बीते दिन एक और छात्रा की मौत संदिग्ध हालात में हो गई। जानकारी के अनुसार छात्रा हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरी और उसकी वहीं मौत हो गई। लेकिन घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज ने इस छात्रा की मौत पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक छात्रा के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद छात्रा के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए उसके साथ बदसुलूकी के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना फुलवारीशरीफ की बताई जाती है और पुलिस ने इसकी गहन जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार पटना एम्स गोलंबर के पास स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान की छत से गिरकर एक छात्रा की बीते दिन मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। परंतु छात्रा के परिजनों ने इसे हादसा नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए न्याय की मांग की। अब पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। छात्रा मूल रूप से जानीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार छात्रा गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी। लेकिन कुछ ही देर बाद कोचिंग संचालक की ओर से फोन आया कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन एम्स पटना पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी।
छात्रा की इस तरह अचानक मौत की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन जब शव घर ले गए तो शरीर पर चोट के कई निशान देखे। इसके बाद उन्होंने मामला संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग कर दी। परिवारवालों ने तुरंत शव को दोबारा अस्पताल ले जाकर पोस्टमार्टम कराया और आरोप लगाया कि छात्रा के साथ गलत व्यवहार के बाद उसकी हत्या की गई है। शरीर पर कई जख्म के निशान मौजूद थे। इधर, पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। हालांकि पुलिस अभी इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिल्डिंग में काम कर रहे तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।