धनरूआ/पटना : पटना के धनरूआ थाना क्षेत्र स्थित भखरी पुल के पास शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार हाईवा ने ड्यूटी पर तैनात डायल 112 की पुलिस गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि भागने के प्रयास में हाईवा धू-धू कर जलकर राख हो गया।
छेड़खानी की सूचना पर जा रही थी पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार, डायल 112 की टीम को एक गांव से छेड़खानी की शिकायत मिलने पर एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी, महिला कांस्टेबल मुन्नी कुमारी और चालक दिलीप कुमार मौके के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान भखरी पुल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे जा गिरी।
मौत को मात देकर निकले पुलिसकर्मी
वाहन चालक दिलीप कुमार ने बताया कि टक्कर पीछे से होने के कारण गाड़ी पलटने से बच गई, वरना जान जाना तय था। हादसे में एएसआई, महिला सिपाही और चालक को हल्की चोटें आई हैं। एएसआई असलम कुरैशी के मुताबिक, पुलिस वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
भागने के चक्कर में हाईवा बना आग का गोला
हादसे के बाद हाईवा चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर हाईवा सड़क किनारे लगी रैलिंग से जा टकराया।जिस कारण से इंजन में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हाईवा पूरी तरह जल चुका था।
क्लीनर गिरफ्तार, चालक फरार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हाईवा के क्लीनर जहानाबाद निवासी पंकज कुमार को हिरासत में ले लिया है। वहीं, अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर हाईवा चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है और हाईवा के मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।