पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव आज साधू बाबा की वेषभूषा में संसद भवन पहुंचे और वहां परिसर में धरने पर बैठ गए। दरअसल, वे अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित हेराफेरी के मुद्दे पर संसद परिसर में प्रदर्शन कर रहे थे। इसके लिए पप्पू यादव पूरी तरह साधु के भेष में पहुंचे थे और संसद परिसर के बाहर बैठ गए और वहां मौजूद सांसदों से चंदा मांगने लगे। इस दौरान विपक्षी सांसद भी मौजूद रहे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पप्पू यादव के प्रदर्शन में साथ दिया, जबकि समाजवादी पार्टी के सांसदों ने भी इस मुद्दे में पप्पू यादव के साथ बैठकर प्रदर्शन किया और नारे लगाए। इसी बीच इस प्रदर्शन में शामिल कुछ विपक्षी सांसद पप्पू यादव को दान में मिले पैसोंं की छीना झपटी करने लगे। विदित हो कि पप्पू यादव और विपक्षी सांसद ऐसा करके राम मंदिर चंदा चोरी घटनाक्रम का सांकेतिक प्रदर्शन कर अपना विरोध जता रहे थे।
राहुल गांधी से लिए पैसे
जानकारी के अनुसार आज पप्पू यादव भगवा चोला पहनकर संसद में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए बतौर चंदा राहुल गांधी से भी पैसे लिए। समाजवादी पार्टी के सांसदों ने भी पप्पू यादव को चंदा लिया। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने जमकर नारेबाजी की और पप्पू यादव को नौटंकीबाज करार दिया। इसके बाद कुछ विपक्षी सांसद पप्पू यादव से दान में मिले पैसे के लिए सांकेतिक तौर पर छीना-झपटी करने लगे। गौर करने की बात यह रही कि अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद भी प्रदर्शन में शामिल रहे, जबकि प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, डिंपल यादव सभी सांसदों ने प्रदर्शन का समर्थन किया। यह पूरा प्रदर्शन राम मंदिर चढ़ावा चोरी से जुड़ा था।