पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा के साथ हुई हैवानियत और मौत के मामले में यह कहकर सनसनी मचा दी कि इस कांड में किसी नेता के बेटे का नाम आ रहा है। आज गुरुवार को जहानाबाद में छात्रा के परिजनों से मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया के सामने सवाल किया कि किस मंत्री का बेटा इस कांड में शामिल है जिसे पुलिस बचा रही है? समूचे बिहार को झकझोर देने वाले इस मामले को लेकर पप्पू यादव ने पुलिस और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उधर राजधानी पटना के मुन्नाचक स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत की गुत्थी तब और उलझ गई जब पुलिस को छात्रा द्वारा घटना से पहले के दिनों में डिप्रेशन की दवाएं खरीदने के साक्ष्य मिले। गर्ल्स हॉस्टल में हुई छात्रा की मौत की घटना ने अब सियासी बहस को भी जन्म दे दिया है। जहां पपपू यादव ने पुलिस और सरकार को कटघरे में खड़ा किया वहीं राजद कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने इस मामले में एक्स पर एक पोस्ट भी किया है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी घटना के पीछे एक संवैधानिक पद पर बैठे नेता और एक मंत्री के पुत्र की संलिप्तता है। उन्होंने पटना पुलिस की कार्यशैली पर भी नाराजगी जाहिर की। एक्स पर उन्होंने लिखा कि—’नीट छात्रा के मामले में संवैधानिक पद पर आसीन किस नेता का पुत्र, मंत्री पुत्र संलिप्त है? किसे बचाने के लिए बिहार पुलिस सारी सीमाएं लांघ गई और अब पीड़ित परिवार के लोगों को परेशान और बदनाम किया जा रहा है? पटना में सेक्स रैकेट माफिया को कौन संरक्षण दे रहा है? हम नहीं छोड़ेंगे’ पप्पू ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह इस कांड में एक रसूखदार परिवार को बचाने के लिए सारी हदें पार कर रही है।
इसके अलावा पप्पू यादव ने बिहार के विभिन्न हॉस्टलों में रह रही छात्राओं के लिए दो विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपील की कि लड़कियां किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करें। उन्होंने दो नंबर जारी किया है। पप्पू ने एक्स पर लिखा—’पटना व बिहार के सभी गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली बेटियों के लिए एक विनम्र और अत्यंत महत्वपूर्ण सूचना। यदि आपको किसी भी प्रकार की परेशानी, असहजता, भय या शोषण का सामना करना पड़ रहा हो, या आपको शैक्षणिक एवं आर्थिक सहायता की आवश्यकता हो, तो बिना किसी संकोच के तुरंत हमारे हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। याद रखें, आप अकेली नहीं हैं—हम हर कदम पर आपके साथ हैं।’
हेल्पलाइन: 6207084398 | 9534549311