पटना/अथमलगोला : अथमलगोला प्रखंड की रामनगर दियारा पंचायत में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पंचायत की राजनीति में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता हरेंद्र रजक ने चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। हरेंद्र रजक ने बताया कि वे लंबे समय से अपने गृह पंचायत के लोगों की निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं और उन्हें पंचायत की जनता पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि पंचायतों के परिसीमन और आरक्षण रोस्टर की घोषणा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। परिस्थितियां अनुकूल रहने पर वे जिला परिषद सदस्य या मुखिया पद के लिए चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में उन्होंने अपनी भाभी किरण देवी को जिला परिषद सदस्य पद का चुनाव लड़वाया था। चुनाव में किरण देवी को लगभग 4,500 मत प्राप्त हुए थे। हालांकि वे चुनाव जीत नहीं सकीं, लेकिन चुनावी प्रदर्शन संतोषजनक रहा। उस चुनाव में हरेंद्र रजक ने चुनावी रणनीति और प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार हरेंद्र रजक सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं, जनता दल (यूनाइटेड) के समर्थक माने जाते हैं तथा ग्रामीण चिकित्सक के रूप में भी लोगों की सेवा करते रहे हैं। पंचायत की राजनीति में उनके परिवार की भी पहचान रही है। उनके बड़े भाई प्रमोद रजक वर्ष 2006 के पंचायत चुनाव में रामनगर दियारा पंचायत से मुखिया निर्वाचित हुए थे। फिलहाल रामनगर दियारा पंचायत में संभावित उम्मीदवारों के बीच चुनावी गतिविधियां तेज हो रही हैं। सभी की निगाहें सरकार द्वारा परिसीमन और आरक्षण रोस्टर की घोषणा पर टिकी हैं, जिसके बाद चुनावी समीकरण और स्पष्ट होने की संभावना है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट