पटना/बाढ़: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक प्रखंड स्थित एनटीपीसी थाना क्षेत्र के सेलो गेट पर ट्रक चालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल की। ट्रक चालकों ने ड्यूटी पर तैनात कुछ सीआईएसएफ कर्मियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। यह हड़ताल ट्रक ड्राइवर संघ के पटना जिला सचिव अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में प्रथम पाली (फर्स्ट शिफ्ट) के चालकों द्वारा की गई। बड़ी संख्या में ट्रक चालक एकत्र होकर एनटीपीसी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करने लगे।
हड़ताल में शामिल चालक राजेश सहित अन्य ड्राइवरों ने आरोप लगाया कि फ्लाई ऐश लोडिंग के लिए एनटीपीसी परिसर में प्रवेश के दौरान ड्यूटी पर तैनात कुछ सीआईएसएफ कर्मी उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं तथा उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास करते हैं। चालक संघ का दावा है कि उनके पास ऐसे वीडियो भी हैं, जिनमें कथित तौर पर एक सीआईएसएफ कर्मी ट्रक चालक का हाथ दबाते हुए दिखाई दे रहा है। संघ का यह भी कहना है कि अन्य वीडियो में भी कथित रूप से असंसदीय भाषा का प्रयोग किए जाने के दृश्य मौजूद हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
चालक संघ ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में ट्रकों के लिए स्थायी पार्किंग की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पीने के पानी की समुचित सुविधा तथा ट्रक चालकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना शामिल है। संघ का आरोप है कि इन मांगों को लेकर पूर्व में भी आंदोलन किया गया था, जिसके बाद एनटीपीसी प्रबंधन ने आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ट्रक चालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना है कि कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले ट्रक चालकों को न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं और सम्मान मिलना चाहिए। हड़ताल के कारण फ्लाई ऐश लोडिंग का कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक एनटीपीसी प्रबंधन तथा सीआईएसएफ की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी। वहीं, एनटीपीसी प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास भी सफल नहीं हो सका।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट