राजगीर में आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। उनके हेलीकॉप्टर के पंखों से उठी तेज हवा के चलते दो टीन शेड अचानक उड़ने लगे। मुख्यमंत्री नीतीश का हेलीकॉप्टर उन उड़ते टीन शेड से टकराते—टकराते बचा। ऐसा माजरा देख वहां मौजूद अधिकारियों के होश उड़ गए और मौके पर हड़कंप मच गया। कोई अनहोनी तो नहीं हुई, लेकिन यह घटना मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल जरूर खड़े कर गई।
बाल-बाल बचे सीएम, स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्घाटन
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शुक्रवार को अपने गृह जिले नालंदा के राजगीर पहुंचे। यहां उन्होंने राजगीर स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्घाटन किया। लेकिन इस कार्यक्रम के लिए पटना से यहां पहुंचने के दौरान लैंडिंग के वक्त एक बड़ा हादसा टल गया। जब सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग हो रही थी उस समय वहां तेज हवा पहले से चल रही थी। इस तेज हवा को जब हेलीकॉप्टर के घूमते पंखों से उत्पन्न हवा का साथ मिला तो जोर की आंधी जैसी स्थिति हो गई। इससे लैंडिंग स्थल के आसपास के स्ट्रक्चर पर लगा टीन का शेड उड़ गया और हवा उठकर हेलीकॉप्टर की ओर बढ़ चला। बताया जाता है कि उस समय वहां मौजूद दो टीन शेड तेज हवा में उड़ने लगे।
तेज हवा के दबाव से उड़े टीन शेड
आधिकारिक जानकारी में बताया गया कि हेलीकॉप्टर के उतरते ही वहां बने तेज हवा के दबाव से दो टीन शेड अचानक हवा में उछल गए और कुछ दूरी तक उड़ते चले गए। गनीमत यह रही कि ये टीन शेड मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से नहीं टकराए, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और अधिकारियों की सांसें कुछ देर के लिए थम सी गईं थी। इसके बाद मुख्यमंत्री सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्घाटन किया और लोगों को संबोधित भी किया।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वीवीआईपी लैंडिंग ज़ोन के आसपास इस तरह की हल्की संरचनाएं होना खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं और भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए आवश्यक एहतियात बरतने की बात कही है।