पूर्व केंद्रीय मंत्री और बक्सर से भाजपा सांसद सांसद रहे अश्विनी कुमार चौबे ने एक विस्फोटक बयान दिया है जिसके बाद बिहार की राजनीति में तूफान मचा हुआ है। दरअसल, मीडिया से बात करते हुए अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का उप प्रधानमंत्री बनाया जा सकता है। यह बिहार के लिए भी एक बड़े गर्व की बात होगी। अश्विनी चौबे ने कहा कि नीतीश कुमार ने एनडीए के साथ लंबे समय तक संयोजक की भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय राजनीति में उनका काफी अनुभव है। अगर वे उप प्रधानमंत्री बनते हैं तो यह जगजीवन राम के बाद बिहार के लिए एक बड़ा सम्मान होगा।
अश्विनी चौबे के इस बयान के बाद बिहार में एक नई बहस शुरू हो गई है। राजनीतिक विश्लेषक इसे भाजपा की एक चाल बता रहे तो कुछ लोगों का मानना है कि नीतीश उम्र और अपने स्वास्थ्य के जिस हाल से गुजर रहे हैं, उसमें ऐसा संभव भी है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पप्पू यादव, तारिक अनवर सरीखे राजनेता यह सवाल अक्सर उठाते रहे हैं कि क्षेत्रीय पार्टियां कांग्रेस से अधिक क्यों लड़ती हैं? चाहे राजद हो या जदयू या सपा, सभी के निशाने पर कांग्रेस ज्यादा और भाजपा कम होती है। अश्विनी चौबे ने इसपर कहा ऐसा कहने वाले, कहते रहे हैं। लेकिन आज कांग्रेस देश में है कहां जो क्षेत्रीय पार्टियां उनको निशाने पर लें। आज कांग्रेस पूरे देश में सेकेंडरी पार्टी ही बनकर रह गई है।
जब पत्रकारों ने पप्पू यादव से चौबे के इस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने साफ कहा कि नीतीश कुमार इतने कमजोर नहीं कि बीजेपी जो चाहे वो करे। बिहार नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है। बहरहाल अश्विनी चौबे के इस ताजा बयान को भाजपा के भीतर बदलती राजनीति और संभावित गठबंधन समीकरणों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि इस वर्ष बिहार में विधानसभा चुनाव भी होने हैं और चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। भाजपा अध्यक्ष ने हाल ही में एनडीए के सभी सहयोगियों के साथ बैठक भी की थी। वहीं अमित शाह ने भी बिहार दौरा किया था। इस दौरान पटना में वो सीएम नीतीश कुमार, चिराग पासवान और NDA के सभी सहयोगी दलों के नेताओं के साथ एक तस्वीर में नजर आए थे।