बिहार चुनाव की तारीखों का आज शाम तक ऐलान हो जाएगा। लेकिन इस ऐलान और आचार संहिता लगने से ठीक पहले आज सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने और 21 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के 10 हजार रुपये एडवांस में भेज दिए। अब इस योजना के तहत तीन चरणों में राज्य की कुल 1.21 करोड़ औरतों को इसका लाभ मिल गया है। इससे पहले 26 सितंबर को पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने इस योजना के तहत 75 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार की राशि ट्रांसफर की थी। फिर 3 अक्टूबर को सीएम नीतीश कुमार ने 25 लाख महिलाओं के खाते में राशि भेजी थी। इसके अलावा आज ही यह भी बता दिया गया अब चुनाव के दौरान और उसके बाद भी कब—कब महिलाओं के खाते में पैसे भेजे जायेंगे क्योंकि अभी भी करीब 12 लाख से अधिक महिलाओं ने योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन कर रखा है और रोज लगातार आवेदन आ रहे हैं।
21 लाख महिलाओं को मिले 10-10 हजार
आज सोमवार को विधानसभा चुनाव के ऐलान और आचार संहिता लगने से पहले मुख्यमंत्री ने 21 लाख महिलाओं के अकाउंट में डीबीटी के माध्यम से दस-दस हजार की राशि भेजी। मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत सरकार राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला सदस्य को रोजगार हेतु 10000 की राशि दे रही है। अब तक एक करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते में राशि नीतीश सरकार भेज चुकी है। आज राशि भेजने के लिए मुख्यमंत्री आवास में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें दोनों उपमुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद रहे। विदित हो कि इस चुनाव में महिला वोटरों पर सभी दलों की नजर है। इसमें चुनाव से ठीक पहले नीतीश सरकार की ओर से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सबसे बड़ा अभियान शुरू किया गया है।
इन तारीखों को भी भेजे जायेंगे 10000
जानकारी के अनुसार अब 17 अक्टूबर को एक बार फिर से महिलाओं के खाते में 10000 की राशि भेजी जाएगी। इस योजना के तहत राशि ट्रांसफर करने के लिए दिसंबर तक का शेड्यूल बना दिया गया है क्योंकि बड़ी संख्या में महिलाएं मुख्यमंत्री रोजगार योजना के लिए आवेदन कर रही हैं। इसके लिए ग्रामीण इलाकों में ग्रामीण विकास विभाग और शहरी इलाकों में नगर विकास विभाग के ऊपर जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत मुख्यमंत्री आज के बाद 17 अक्टूबर को भी महिलाओं के खाते में राशि भेजेंगे। उसके बाद 24 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 7 नवंबर, 14 नवंबर, 21 नवंबर, 28 नवंबर और फिर 5 दिसंबर तक मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत प्रत्येक महिला के खाते में 10-10 हजार राशि भेजने का कार्यक्रम तय किया गया है।