नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में आज एक भव्य समारोह में दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान पीएम मोदी, अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री के साथ एनडीए के तमाम घटक दलों के कुल 26 नेताओं ने भी तय कोटे के हिसाब से मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सभी को शपथ दिलाई। भाजपा के कुल 14, जदयू के 8, लोजपा आर के 2 और हम तथा रालोमा से एक नेता को मंत्री बनाया गया है। इन सभी मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा बाद में किया जाएगा।
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित की गई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत एनडीए के अन्य दलों के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की। आज के शपथ समारोह की खास बात ये रही कि प्रधानमंत्री ने शपथ के बाद जनता का अभिवादन ठेठ बिहारी स्टाइल में मंच से गमछा लहराकर की।
नई नीतीश कैबिनेट में कई पुराने और कुछ नए चेहरे शामिल किए गए हैं। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा एक बार फिर से उप मुख्यमंत्री होंगे। कैबिनेट में कुल तीन महिलाओं को जगह दी गई है। ये हैं- लेशी सिंह, रमा निषाद और श्रेयसी सिंह। इसके अलावा एलजेपी (रामविलास) के 2 मंत्री, हम (HAM) का 1 मंत्री और आरएलएम का 1 मंत्री भी कैबिनेट में शामिल किया गया है। नई सरकार में जदयू के जमा खान एकमात्र मुस्लिम मंत्री बने हैं। पिछली नीतीश कैबिनेट से आज की कैबिनेट की तुलना करें तो इसबार की टीम नीतीश में 12 नए चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि पिछली सरकार के 19 मंत्रियों की छुट्टी कर दी गई है।